होर्मुज स्ट्रेट 48 घंटे में नहीं खुला तो ईरान के पॉवर प्लांट करेंगे तबाह,

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait Of Hormuz) खोलने के लिए ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि अगर तेहरान 48 घंटों के अंदर होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोलता है, तो वह ईरान के ऊर्जा ढांचे को पूरी तरह तबाह कर देंगे।उन्होंने यह भी कहा कि इसकी शुरुआत सबसे बड़े प्लांट से होगी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि ईरान के सबसे बड़े पॉवर स्टेशन से उनका मतलब किससे है।

ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, अगर ईरान, ठीक इसी समय से 48 घंटों के भीतर बिना किसी धमकी के होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से नहीं खोलता है, तो अमेरिका उनके विभिन्न पावर प्लांट पर हमला करके उन्हें तबाह कर देगा, जिसकी शुरुआत सबसे बड़े प्लांट से होगी।

इजरायल पर हमले के बाद ट्रंप की धमकी

ट्रंप की यह धमकी ऐसे समय में आई है, जब ईरान ने कुछ घंटे पहले ही इजरायल के डिमोना और अराद शहरों में बड़ा मिसाइल हमला किया है। इन हमलों में 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। डिमोना शहर में इजरायल की मुख्य परमाणु सुविधा है। ईरान ने कहा है कि उसने यह हमला उसके नतान्ज परमाणु सुविधा पर हमले के जवाब में किया है। नतांज में शनिवार को हमला किया गया था। हालांकि, इजरायल ने इसमें शामिल होने से इनकार किया था।

होर्मुज स्ट्रेट से दुनिया के ऊर्जा बाजार में हाहाकार

होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान के नाकेबंदी ने दुनिया भर के ऊर्जा बाजार के हिलाकर रख दिया है। बढ़ती ऊर्जा कीमतें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए भी बड़ी मुश्किल बन रही हैं, जिन्हें इस साल के अंत में मध्यावधि चुनावों का सामना करना है। इसके पहले ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि अमेरिका ईरान के खिलाफ चल रहे युद्ध से पीछे हट सकता है और होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा उन देशों की जिम्मेदारी बताई थी, जिनका इस जलमार्ग से ऊर्जा आयात होता है। होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया की लगभग 20 फीसदी तेल आपूर्ति गुजरती है।

ईरान के पास कितना समय?

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में साफ कहा है कि ईरान के पास ठीक इसी समय से होर्मुज जलमार्ग को खोलने के लिए 48 घंटे का समय है। ट्रंप ने भारतीय समयानुसार 22 मार्च को सुबह 5:14 बजे यह पोस्ट किया था। इसका मतलब है कि ईरान के पास ऊर्जा जलमार्ग को खोलने के लिए 24 मार्च को सुबह 5:14 बजे (तेहरान में 3:14 बजे) तक का समय है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts