गणतंत्र दिवस पर बुढ़ाना में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, हजारों लोगों ने दिखाई देशभक्ति की एकजुटता

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे में गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति और सामाजिक एकता का भव्य नजारा देखने को मिला, जब कस्बे में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व कश्यप समाज के खाप चौधरी और बुढ़ाना विधानसभा के भावी प्रत्याशी डॉक्टर सोनू कश्यप ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत चांदनी वाला मंदिर स्थित शंकर पैलेस में आयोजित सम्मान समारोह से हुई, जहां पत्रकारों के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए बुजुर्गों और युवाओं को तिरंगा झंडा भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी को तिरंगा पटका और बैज लगाकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा भाजपा सदस्य अजय संगल, सभासद योगेश और सभासद राकेश को भी सम्मान दिया गया। कार्यक्रम का संचालन श्याम कश्यप ने किया। डॉक्टर सोनू कश्यप ने इस तिरंगा यात्रा के लिए कई दिनों तक व्यापक तैयारियां की थीं और विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश गांवों के लोगों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया था। उनके आह्वान का असर यह रहा कि हजारों की संख्या में लोग शंकर पैलेस पहुंचे, जहां से तिरंगा यात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ।

तिरंगा यात्रा भारत हॉल से प्रारंभ होकर महावीर चौक पहुंची, इसके बाद चौधरी चरण सिंह तिराहे से होते हुए डीएवी इंटर कॉलेज के रास्ते चांदनी वाला मंदिर पर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल रहे, जिनके हाथों में तिरंगा लहरा रहा था। पूरे मार्ग पर डीजे पर देशभक्ति के गीत बजते रहे और भारत माता की जय के नारों से माहौल गूंजता रहा। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल बन गया।

इस अवसर पर वार्ड 20 से जिला पंचायत के भावी प्रत्याशी संजीव पाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा गडरिया समाज डॉक्टर सोनू कश्यप के साथ खड़ा है। उन्होंने डॉक्टर कश्यप से बुढ़ाना विधानसभा चुनाव लड़ने का आग्रह करते हुए विश्वास दिलाया कि पाल, कश्यप और सर्व समाज मिलकर उन्हें विजयी बनाकर लखनऊ भेजेगा। अंत में खाप चौधरी डॉक्टर सोनू कश्यप ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। यात्रा में डॉक्टर विशाल पाल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र त्यागी, सभासद अजय संगल, योगेश प्रजापति, राकेश कुमार पाल, डॉक्टर शेखर ठाकुर, सुरेश कुशवाहा, प्रमोद प्रजापति, सीताराम कश्यप, नंदन कश्यप, नरेश कुमार पाल, राम दिया कश्यप, मनमोहन कश्यप, नीरज गर्ग, इरशाद सलमानी, संजीव कुमार पाल, सतनाम, बनवारी, अमित और अनिल कश्यप सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts