तमिलनाडु की राजनीति में इस समय एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. फिल्मी दुनिया के सुपरस्टार विजय ने अपनी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के साथ विधानसभा चुनाव 2026 में उतरकर सभी को चौंका दिया है. शुरुआती रुझानों में उनकी पार्टी को जबरदस्त बढ़त मिलती दिख रही है, जिससे यह साफ हो रहा है कि उनकी लोकप्रियता सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रही. एक अभिनेता से नेता तक का उनका सफर काफी दिलचस्प रहा है. आइए जानते हैं विजय की पढ़ाई के बारे में.
जोसेफ से बने थलापति विजय
विजय का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है. उनका जन्म 22 जून 1974 को एक फिल्मी परिवार में हुआ. उनके पिता एस.ए. चंद्रशेखर जाने-माने फिल्म डायरेक्टर हैं और मां शोभा चंद्रशेखर एक प्लेबैक सिंगर हैं. घर में पहले से ही कला का माहौल था, जिसने विजय को एक्टिंग की ओर प्रेरित किया, उन्होंने बचपन में ही फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था.
पढ़ाई और एक्टिंग का बैलेंस
विजय ने चेन्नई के फातिमा स्कूल और बालालोक स्कूल से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की. पढ़ाई में वो एवरेज थे, लेकिन उनका झुकाव हमेशा एक्टिंग की तरफ रहा. बाद में उन्होंने लोयोला कॉलेज में विजुअल कम्युनिकेशन कोर्स में एडमिशन लिया, लेकिन उनका मन पूरी तरह फिल्मों में लग चुका था.
क्यों छोड़नी पड़ी पढ़ाई?
कॉलेज के दौरान ही विजय को फिल्मों में काम के ज्यादा मौके मिलने लगे. शूटिंग और पढ़ाई को साथ संभालना मुश्किल हो गया. ऐसे में उन्होंने बड़ा फैसला लेते हुए अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और पूरी तरह एक्टिंग पर ध्यान केंद्रित किया.
फिल्मी करियर और सफलता
विजय ने 18 साल की उम्र में अपनी पहली फिल्म नालाया थीरपू साइन की. इसके बाद उन्होंने लगातार मेहनत की और आज तक 69 फिल्मों में काम कर चुके हैं. उनकी कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया. वो दक्षिण भारत के सबसे लोकप्रिय और महंगे अभिनेताओं में गिने जाते हैं.
सम्मान और पहचान
हालांकि विजय अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए, लेकिन उनके योगदान को सराहा गया. साल 2007 में उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया गया.
राजनीति में नई शुरुआत
विजय ने 2009 में विजय मक्कल अय्यकम नाम से अपना फैन क्लब शुरू किया था. इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखते हुए अपनी पार्टी TVK बनाई. अब 2026 के चुनावी रुझान बता रहे हैं कि जनता का समर्थन उन्हें मिल रहा है. उनकी बढ़ती लोकप्रियता अब वोट में बदलती नजर आ रही है, जो उनके राजनीतिक भविष्य के लिए एक बड़ा संकेत है.























































