हर साल 26 जनवरी को आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड देश की सांस्कृतिक, सामाजिक और सैन्य शक्ति का भव्य प्रदर्शन होती है। इस परेड में राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न मंत्रालयों की झांकियां लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहती हैं। लेकिन इन झांकियां का चयन किस तरह किया जाता है, यह सवाल अक्सर लोगों के मन में रहता है। दरअसल, गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाली झांकियों का चयन एक तय प्रक्रिया के तहत किया जाता है, जिसमें रक्षा मंत्रालय की अहम भूमिका होती है।गणतंत्र दिवस परेड के आयोजन की जिम्मेदारी रक्षा मंत्रालय के पास होती है। झांकियों के चयन के लिए सबसे पहले एक थीम तय की जाती है। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की थीम ‘वंदे मातरम्’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है। सभी राज्य, केंद्र शासित प्रदेश और मंत्रालय अपनी-अपनी झांकियों की रूपरेखा इसी थीम के अनुसार तैयार करते हैं। झांकियों के लिए प्रस्ताव आमतौर पर कई महीने पहले आमंत्रित किए जाते हैं।
प्रस्ताव में झांकी की डिजाइन, उसका संदेश, सांस्कृतिक महत्व और थीम से जुड़ाव की पूरी जानकारी देनी होती है। इसके बाद रक्षा मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त समिति इन प्रस्तावों की समीक्षा करती है। इस समिति में कला, संस्कृति, डिजाइन और प्रशासन से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होते हैं। समिति यह देखती है कि झांकी देश की विविधता, विरासत और विकास को कितनी प्रभावी तरीके से दर्शा रही है।पहले चरण में चयनित झांकियों को प्रेजेंटेशन के लिए बुलाया जाता है। इसमें संबंधित राज्य या मंत्रालय को अपनी झांकी का मॉडल, चित्र या डिजिटल प्रस्तुति दिखानी होती है। समिति डिजाइन की गुणवत्ता, संदेश की स्पष्टता और तकनीकी पहलुओं का मूल्यांकन करती है। आवश्यक सुधारों के सुझाव भी दिए जाते हैं।
दूसरे चरण में संशोधित प्रस्तावों की दोबारा जांच होती है। इसके बाद फाइनल सूची तैयार की जाती है। चयन के समय यह भी ध्यान रखा जाता है कि सभी क्षेत्रों और संस्कृतियों का संतुलित प्रतिनिधित्व हो। झांकी में किसी तरह का राजनीतिक संदेश न हो और वह राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने वाली हो।फाइनल चयन के बाद झांकियों का निर्माण दिल्ली में तय समय सीमा के भीतर किया जाता है। निर्माण के दौरान भी विशेषज्ञों की टीम निरीक्षण करती रहती है ताकि गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन हो। इस तरह एक लंबी और व्यवस्थित प्रक्रिया के बाद गणतंत्र दिवस परेड में झांकियां शामिल होती हैं, जो देश की एकता, विविधता और आत्मनिर्भरता का संदेश देती हैं।















