बांदा।राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की बांदा इकाई द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन शहर के एक प्रमुख होटल में सम्पन्न हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत” की कल्पना बिना चिकित्सकों के अधूरी है। उन्होंने चिकित्सकों को भगवान के बाद समाज का सबसे पूज्यनीय व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज की सेवा में अपने जीवन को समर्पित करते हैं और उनका योगदान अमूल्य है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. मोहम्मद रफीक और डॉ. अशोक गुप्ता को “लाइफटाइम अचीवमेंट” सम्मान से नवाजा गया। जल शक्ति राज्यमंत्री ने उन्हें उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में एक काव्य संगोष्ठी का भी आयोजन हुआ, जिसमें चिकित्सकों ने अपनी स्वरचित कविताएं प्रस्तुत कीं।
काव्य प्रतियोगिता में डॉ. अशोक गुप्ता को प्रथम, डॉ. एस.पी. सिंह को द्वितीय और डॉ. शबाना रफीक को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेताओं को मंत्री ने उपहार और सम्मान प्रदान किया। डॉ. मोनिका सक्सेना, डॉ. कंचन सिंह और डॉ. मोहम्मद रफीक को प्रशस्ति पुरस्कार से नवाजा गया।
अपने संबोधन में डॉ. शबाना रफीक ने महान चिकित्सक डॉ. बी.सी. रॉय के जीवन पर प्रकाश डाला। आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र गुप्ता ने डॉ. रॉय के जन्मदिवस को उत्सव के रूप में मनाने की बात कही।
आईएमए सचिव डॉ. जे. विक्रम सिंह ने जल शक्ति राज्यमंत्री का शाल ओढ़ाकर स्वागत किया और संगठन की ओर से उन्हें भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट की गई। कार्यक्रम का संचालन पंकज रावत ने किया और समापन पर जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र गुप्ता ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया।















