मुज़फ़्फ़रनगर में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय परिसर में एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को एचआईवी/एड्स सहित अन्य गंभीर बीमारियों से बचाव एवं उनके प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. पी.के. त्यागी सहित कई चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में युवाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्राप्त करने और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में विभिन्न जागरूकता पोस्टर, बैनर और पंपलेट प्रदर्शित किए गए। युवाओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और परामर्श सत्र का भी आयोजन हुआ, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी सवालों के जवाब दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है, इसलिए उनका स्वस्थ और जागरूक रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का प्रसार हर स्तर पर होना चाहिए, ताकि एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है, जिससे एड्स और अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम में समाज की भागीदारी बढ़े। जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता ने जानकारी दी कि अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस से शुरू यह जनजागरूकता अभियान दो महीने तक चलेगा। इसके अंतर्गत 150 गांव, 30 इंटर कॉलेज और 10 महाविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही जिला स्तर पर मैराथन दौड़, रैली और नुक्कड़ नाटक जैसे आयोजन भी होंगे।इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश को जन–जन तक पहुँचाएंगे। कार्यक्रम का संचालन उप जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा ने किया।















