मुजफ्फरनगर में बढ़ती गर्मी को लेकर हीट स्ट्रोक अलर्ट, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी.

मुजफ्फरनगर में लगातार बढ़ते तापमान के बीच हीट स्ट्रोक का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। किसी भी प्रकार की जनहानि से बचाव के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच के समय को स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक बताया है और इस दौरान लोगों को तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेन्द्र कुमार ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने कहा कि बच्चों और जानवरों को कभी भी बंद गाड़ी में न छोड़ें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। साथ ही लोगों को ढीले और हल्के कपड़े पहनने, बासी या संक्रमित भोजन से बचने और अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी गई है।एडवाइजरी के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति को कमजोरी, चक्कर, सिरदर्द, उल्टी, अत्यधिक पसीना या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों, तो इसे हीट स्ट्रोक के संकेत मानते हुए तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। लू से प्रभावित व्यक्ति को छांव में लिटाकर गीले कपड़े से शरीर ठंडा करने और डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यालयों में प्राथमिक चिकित्सा किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। यदि किसी संस्थान में किट नहीं पाई जाती है, तो संबंधित विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कार्यस्थलों पर ठंडे पानी की व्यवस्था रखने और कर्मचारियों को सीधी धूप से बचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।इसके अलावा, पशु-पक्षियों के लिए भी विशेष चिंता जताई गई है। गर्मी के कारण पानी की कमी से कई पक्षियों और जानवरों की जान चली जाती है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों के बाहर या बालकनी में छांव वाली जगह पर पानी से भरे बर्तन रखें और समय-समय पर पानी बदलते रहें।आपात स्थिति से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर 24 घंटे सक्रिय है। किसी भी आपदा की स्थिति में लोग टोल फ्री नंबर 1077, 01312436918 और 9412210080 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी नागरिकों से एडवाइजरी का पालन कर सुरक्षित रहने की अपील की है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts