दिल्ली में मौसम शुष्क और गर्म बना हुआ है, खासकर दिन में तेज धूप के कारण। सुबह और शाम के समय हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है, लेकिन दिन के दौरान गर्मी काफी तेज है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह मौसम में बदलाव की संभावना कम है, हालांकि हल्की हवाओं के कारण दोपहर में गर्मी कुछ कम हो सकती है। सुबह के समय धुंध का असर रहेगा, जबकि वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा गया है, फिर भी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर श्रेणी में बना हुआ है।उड़ीसा के तटीय क्षेत्र में उठे दाना चक्रवात का असर उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी देखने को मिलेगा, जहां गुरुवार शाम से शुक्रवार के बीच हल्की बारिश और हवाओं का असर हो सकता है। चक्रवात से उड़ीसा में ज्यादा प्रभाव पड़ने की संभावना है, और वहां की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, साथ ही तटीय क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है।
दिल्ली के इन इलाकों की हवा में अभी भी खतरा
दिल्ली में गुरुवार की सुबह एक्यूआई औसत 300 दर्ज किया गया जो कल के मुकाबले कम रहा. दिल्ली के आनंद विहार की हवा में भी हल्का सुधार आया है. सफर इंडिया के मुताबिक, आईटीआई जहांगीरपुरी, रोहिणी और मुंडका में भी एक्यूआई में गिरावट दर्ज की गई है. आनंद विहार में सुबह 6 बजे का AQI 282 दर्ज किया गया. वायु गुणवत्ता सूचकांक में 300 के पार वाले इलाके पूठ खुर्द बवाना में 313, मुंडका में 305, आईटीआई जहांगीरपुरी में 300 और शहीद सुखदेव कॉलेज रोहिणी में 300 दर्ज किया गया.
UP में यहां बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव होने लगा है. दीपावली तक हल्की सर्दी का असर भी दिखने लगेगा. इससे पहले यूपी के दक्षिणी पूर्वी हिस्सों जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, वाराणसी, प्रयागराज, देवरिया, संत रविदास नगर, सोनभद्र, मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ, चंदौली, चित्रकूट, कौशांबी में 24 से 25 अक्टूबर के बीच हल्की बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने यह बारिश दाना चक्रवात को लेकर जताई है. साथ ही पूर्वी हवाओं से भी मौसम में नमी रहेगी.
कब से पड़ेगी कड़ाके की सर्दी?
मौसम विभाग ने दिवाली के बाद से दिल्ली में हल्की सर्दी आने की आशंका जताई है. आईएमडी के पुर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में अक्टूबर के अंत तक मौसम शुष्क बना रहेगा. 25-26 अक्टूबर में कुछ पश्चिमी विक्षोभ की आशंका है. जिसके चलते पहाड़ी इलाकों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट होने की संभावना है. नवंबर की शुरुआत में दिन के तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी. नवंबर के अंत तक कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका है. वहीं, इस बार कोहरे की चादर भी दिल्ली को जल्द अपने आगोश में ले सकती है. आने वाली सर्दी को देखते हुए लोग इससे निपटने की तैयारियों में जुटने लगे हैं. गर्म कपड़ों और कंबल, रजाई की बिक्री भी देखने को मिल रही है.















