भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर आज यानी 8 मार्च 2025 को अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं। अब से पांच साल पहले आज ही के दिन भारतीय महिला टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेल रही थी।जहां तक पहुंचाने का श्रेय हरमन को ही जाता है। हालांकि भारतीय टीम फाइनल नहीं जीत सकी थी।
क्रिकेट के लिए हरमनप्रीत का जुनून कितना बड़ा था, उसका आप अंदाजा भी नहीं लगा सकते हैं। अपने इस जुनून के चलते ही हरमन ने कुछ ऐसा किया कि उनके पिता ने तकरीबन तीन महीने तक हरमनप्रीत से बात नहीं की। तो चलिए जानते हैं क्या थी वह दिलचस्प कहानी….
अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुआ जन्म
हरमनप्रीत कौर का जन्म 8 मार्च 1989 को पंजाब के मोगा में हरमंदर सिंह भुल्लर और सतविंदर कौर के घर हुआ था। हरमनप्रीत के जन्मदिन पर खास यह है कि उसी दिन अंतराष्ट्रीय महिला दिवस भी होता है। उनके पिता हरमंदर सिंह भुल्लर खुद वॉलीबॉल और बास्केटबॉल खिलाड़ी थे।
पिता से सीखी क्रिकेट की बारीकियां
हरमनप्रीत ने क्रिकेट की बारीकियां अपने पिता से ही सीखी। हालांकि, एक वक्त ऐसा भी आया जब बेटी और पिता के बीच तीन महीने तक कोई बातचीत नहीं हुई। चौंकिए मत, ये बिल्कुल सच है और स्टार क्रिकेटर ने खुद एक चैट शो में इसका खुलासा किया है। हरमनप्रीत 10 साल से ज्यादा समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटहैं। उन्होंने 7 मार्च 2009 को ऑस्ट्रेलिया के बूरल में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
लंबे बाल की वजह से होती थी परेशानी
चैट शो के दौरान हरमनप्रीत ने बताया कि क्रिकेट के मैदान से लेकर भारत की कैप पहनने तक का सफर उनके लिए आसान नहीं था। क्रिकेट ट्रेनिंग के दौरान हरमनप्रीत को कई बदलावों से गुजरना पड़ा। जैसे, उन्हें लंबे बालों से काफी परेशानी होती थी। एक दिन उन्होंने अपने बाल कटवा लिए।
घर में आ गया था भूचाल
ऐसा करते ही उनके घर में भूचाल आ गया। उनके पिता को हरमनप्रीत का हेयरकट बिल्कुल पसंद नहीं आया। वे काफी नाराज हुए। उन्होंने हरमनप्रीत कौर से बात करना बंद कर दिया। करीब 3 महीने तक ऐसा चलता रहा। आखिर में इस शर्त पर कि वह भविष्य में कभी अपने बाल नहीं कटवाएंगी, उन्होंने अपने पिता से बात करना शुरू किया।















