कांवड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर में प्रशासन की बैठक, शिविर संचालन के दिशा-निर्देश जारी

मुजफ्फरनगर, आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्वक और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों और कांवड़ शिविर संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने की। अधिकारियों ने शिविर संचालन से जुड़ी तमाम आवश्यक व्यवस्थाओं और नियमों की जानकारी देते हुए सहयोग की अपील की।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहर में शिविर लगाने के लिए नगर मजिस्ट्रेट से तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उप जिला अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने सभी शिविर संचालकों से आग्रह किया कि वे अपने शिविरों में CCTV कैमरे, शुद्ध पेयजल, साफसफाई, टॉयलेट, फायर सेफ्टी और विद्युत सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर लें। खुले तारों को कवर करने के निर्देश भी दिए गए। शिविर में कार्यरत सभी लोगों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य करने पर भी ज़ोर दिया गया।उन्होंने प्लास्टिक के पतले गिलास और सामानों के प्रयोग से परहेज करने की बात कही। किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल उच्च अधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया। संबंधित विभागों को सड़कों के गड्ढे भरने, बिजली के झूलते तारों को ऊंचा करने और ट्रांसफार्मरों की सुरक्षित ढंग से मरम्मत करने के आदेश दिए गए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यात्रा मार्ग पर पुलिस की तैनाती और उनकी ड्यूटी निर्धारित की जा चुकी है। उन्होंने शिविर संचालकों से अफवाहों पर ध्यान देने और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही झूठी सूचनाओं को तत्काल प्रशासन को बताने की अपील की। अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग ने जानकारी दी कि झटपट पोर्टल के माध्यम से शिविरों के लिए बिजली कनेक्शन का आवेदन करने पर एक सप्ताह में आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी तथा कांवड़ शिविर संचालक मौजूद रहे। प्रशासन का उद्देश्य है कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts