अलवर जिले के राजकीय महाविद्यालय मालाखेड़ा में बीए प्रथम सेमेस्टर के नियमित विद्यार्थियों की कक्षाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। प्राचार्य डॉ. रवि कुमार विजय ने जानकारी दी कि महाविद्यालय में इतिहास, भूगोल, लोक प्रशासन, राजनीति विज्ञान, हिंदी तथा अंग्रेजी जैसे प्रमुख विषयों की कक्षाओं का अध्यापन कार्य निर्बाध रूप से जारी है। इन विषयों के शिक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार की विद्या संबल योजना के अंतर्गत अतिथि व्याख्याताओं (गेस्ट फैकल्टी) की नियुक्ति कर ली गई है, जो वर्तमान में विद्यार्थियों को विषयवार मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
समाजशास्त्र विषय की कक्षाएं भी 21 जुलाई से प्रारंभ हो चुकी हैं। विद्यार्थियों की सुविधा हेतु महाविद्यालय द्वारा समय सारणी सूचना पट्ट पर चस्पा कर दी गई है, साथ ही यह जानकारी संबंधित कक्षाओं के व्हाट्सएप ग्रुप्स में भी साझा की जा चुकी है, जिससे सभी विद्यार्थियों को समय पर जानकारी प्राप्त हो सके।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परीक्षा में सम्मिलित होने तथा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु न्यूनतम 75% उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया है। यह उपस्थिति न केवल शैक्षणिक दायित्व की पूर्ति के लिए आवश्यक है, बल्कि छात्रवृत्ति, लैपटॉप, यात्रा भत्ता जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी अनिवार्य है। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने की अपील की है ताकि उनकी शैक्षणिक प्रगति सुनिश्चित की जा सके।















