भूजल सप्ताह अभियान का समापन: महिलाओं से संवाद और बच्चों की रैली ने जगाई जल संरक्षण की चेतना

औरैया जनपद के सदर ब्लॉक के ग्राम नौरी राजपुर में अपेक्षा महिला एवं बाल विकास समिति द्वारा भूजल सप्ताह के अंतर्गत चलाए गए जागरूकता अभियान का समापन एक प्रेरणादायक गोष्ठी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत समिति की समन्वयक शिप्रा द्वारा ग्रामीण महिलाओं से संवाद से हुई, जिसमें उन्होंने जल संरक्षण, पारंपरिक और आधुनिक जल संचयन तकनीकों तथा सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि भूजल का अंधाधुंध दोहन पर्यावरण के लिए गंभीर संकट बनता जा रहा है और जल का विवेकपूर्ण उपयोग आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

गोष्ठी में क्षेत्रीय समन्वयक सुशील ने घरेलू स्तर पर जल पुनः उपयोग की सरल विधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किचन गार्डन के माध्यम से रसोई और घरेलू कार्यों से निकलने वाले साफ पानी का उपयोग सब्जियों के उत्पादन में किया जा सकता है, जिससे पोषण और जल संरक्षण दोनों में संतुलन स्थापित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या रीता, सहायक अध्यापक अनीता, शिक्षामित्र कीर्ति और सपना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुम कुमारी व सहायिका पूनम देवी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।

इस अवसर पर फरीदपुर गांव के 47 बच्चों ने जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक रैली निकाली। नारे लगाते हुए बच्चों की यह रैली गांववासियों के बीच जल बचाने का सार्थक संदेश लेकर पहुंची और लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इस पूरे अभियान में समिति की कार्यकर्ता चमेली, अर्चना, ब्रम्हा सहित अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। भूजल सप्ताह के इस अभियान ने जहां एक ओर ग्रामीण जनमानस में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता उत्पन्न की, वहीं महिलाओं और बच्चों की भागीदारी ने इसे एक सामाजिक आंदोलन का रूप दे दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts