मुजफ्फरनगर शहर को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में नगरपालिका परिषद ने एक बड़ा और सराहनीय कदम उठाया है। नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में पहली बार स्वच्छता सेवा में डीजल आधारित वाहनों की निर्भरता कम करते हुए इलेक्ट्रिक और सीएनजी आधारित वाहनों को शामिल किया गया है। शनिवार को मेरठ रोड स्थित कमला नेहरू वाटिका से 125 नए वाहनों को फ्लैग ऑफ कर शहर की सड़कों पर उतारा गया। इन वाहनों में 55 इलेक्ट्रिक ई–रिक्शा और 70 सीएनजी टिपर गारबेज वाहन शामिल हैं, जिन्हें करीब 5.30 करोड़ रुपये की लागत से खरीदा गया है। इनका उद्देश्य शहर के 55 वार्डों में सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है, खासकर उन संकरी गलियों में जहां बड़े वाहन नहीं पहुंच पाते थे।
इस पहल के तहत प्रत्येक वार्ड में एक–एक ई–रिक्शा उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे घर–घर कूड़ा संग्रहण की सुविधा बेहतर होगी। वहीं 70 सीएनजी चालित टिपर वाहनों को डोर–टू–डोर कूड़ा उठान के लिए लगाया गया है, जिससे सफाई व्यवस्था की गति तेज होगी और शहर में गंदगी पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। नगरपालिका ईओ डॉ प्रज्ञा सिंह ने बताया कि इन वाहनों की खरीद 15वें वित्त आयोग की ग्रांट से की गई है, जिसमें ई–रिक्शा पर लगभग 1.80 करोड़ और सीएनजी टिपर वाहनों पर करीब 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने इस अवसर पर कहा कि यह कदम राज्य सरकार की ‘क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी’ नीति के अनुरूप उठाया गया है, जिसे योगी आदित्यनाथ द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस नई व्यवस्था से न केवल डीजल की खपत में कमी आएगी, बल्कि वायु प्रदूषण भी घटेगा और पालिका की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुजफ्फरनगर पहले ही स्वच्छता रैंकिंग में 264वें स्थान से बढ़कर 36वें स्थान तक पहुंच चुका है, और अब इस नई पहल से इसे और बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास तेज होंगे।इस दौरान नगर के कई जनप्रतिनिधि, सभासद और अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को शहर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों को चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में संचालित किया जाएगा, जिससे सफाई व्यवस्था का दायरा व्यापक होगा और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। नगरपालिका प्रशासन का मानना है कि यह पहल न केवल शहर को स्वच्छ बनाएगी बल्कि स्मार्ट सिटी की परिकल्पना को भी साकार करने में मदद करेगी।
















