मुजफ्फरनगर। विश्व मानक दिवस-2025 के उपलक्ष्य में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून शाखा द्वारा गुरुवार को नगर में मानक महोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर उद्योगों के प्रतिनिधियों, ज्वैलर्स, स्कूली छात्रों, सरकारी विभागों के अधिकारियों और आमजन ने बढ़–चढ़कर भागीदारी की। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मानकों के महत्व, उनकी अनिवार्यता और सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में उनकी भूमिका को समाज तक पहुँचाना रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार तथा विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और जिला विद्यालय निरीक्षक आशीष द्विवेदी ने उद्घाटन सत्र में भाग लेकर महोत्सव की शोभा बढ़ाई। BIS देहरादून शाखा के निदेशक और प्रमुख सौरभ तिवारी ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि इस वर्ष विश्व मानक दिवस की थीम “सतत विकास लक्ष्य (SDG-17) – लक्ष्य प्राप्ति में सामूहिक साझेदारी” है।
उन्होंने कहा कि BIS हितधारकों को जोड़कर जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहा है ताकि उद्योग और उपभोक्ता मानकों की अहमियत को समझ सकें।मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक उत्पाद को मानकों के अनुरूप निर्मित किया जाना चाहिए, क्योंकि इसी से उपभोक्ताओं का विश्वास अर्जित होगा और उद्योग लंबे समय तक प्रतिस्पर्धा में बने रह पाएंगे। उन्होंने जोर दिया कि सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी हितधारकों को एकजुट होकर काम करना होगा। वहीं, विशिष्ट अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने BIS के लोगो को विश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि अनिवार्य श्रेणी में न आने वाले उत्पादक भी BIS से जुड़ें ताकि उनके उत्पाद वैश्विक प्रतिस्पर्धा में खरे उतर सकें।इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक जैस्मीन फौजदार, BIS के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी, मानक संवर्धन अधिकारी सरिता त्रिपाठी और अधिकारी राजीव वर्मा सहित कई विशिष्ट लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के स्टैंडर्ड क्लब से जुड़े बच्चों ने सरस्वती वंदना, डांडिया नृत्य, समूह नृत्य और नुक्कड़ नाटक जैसी रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। मानक संवर्द्धन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले मेंटर्स, उद्योगों, ज्वैलर्स तथा रिसोर्स पर्सन्स को सम्मानित भी किया गया।तकनीकी सत्र में अल्ट्राटेक से वंदना, बिंदल पेपर्स से आशुतोष अग्रवाल और ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय देहरादून से डॉ. अभिलाषा मिश्रा ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि उनके उद्योग किस प्रकार सतत विकास लक्ष्यों को अपनाकर समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।मानक महोत्सव के अंतर्गत मुजफ्फरनगर जिले में मानक रैली का भी आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, BIS निदेशक सौरभ तिवारी और नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस रैली में जिले के 10 स्टैंडर्ड क्लबों से जुड़े लगभग 500 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। होटल स्वर्ण इन से प्रारंभ होकर MG पब्लिक स्कूल तक निकाली गई इस रैली ने लोगों को मानकों के महत्व और सतत विकास की दिशा में सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया।
मानक महोत्सव-2025 ने सभी प्रतिभागियों को न केवल BIS के कार्यों और मानकों की आवश्यकता से अवगत कराया, बल्कि सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सामूहिक साझेदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला। यह आयोजन उद्योगों, छात्रों और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ और मुजफ्फरनगर में मानकों की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम सिद्ध हुआ।
















