मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन्स मुजफ्फरनगर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य परेड और समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) अनिल कुमार रहे। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली गई और मान प्रणाम ग्रहण किया गया। 6वीं वाहिनी पीएसी मेरठ के बैंड दल ने राष्ट्रीय धुन बजाकर वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सभी पुलिसकर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी तथा भारतीय संविधान और कानून का पालन करने एवं कराने की शपथ दिलाई। परेड का नेतृत्व प्रथम कमाण्डर सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, द्वितीय कमाण्डर प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह तथा तृतीय कमाण्डर महिला उप निरीक्षक ज्योति चौधरी ने किया। मार्च पास्ट और प्रदर्शन में यातायात पुलिस, सशस्त्र एवं नागरिक पुलिस, एनसीसी, अग्निशमन पुलिस की टुकड़ियों के साथ मोटरसाइकिल दस्ता, स्वान दल, रेडियो सेक्शन, विधि विज्ञान इकाई के वाहन, यूपी-112 वाहन, वज्र वाहन, क्रेन और फायर टैंकर शामिल रहे।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने संबोधन किया और जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को पदक, प्रशंसा चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। ऑपरेशन कार्य के आधार पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस उपाधीक्षक यतेन्द्र सिंह नागर, उप निरीक्षक ललित शर्मा, मुख्य आरक्षी रोहताश कुमार, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार और आरक्षी मोहम्मद इस्फाक को सिल्वर प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया।
सेवाभिलेखों के आधार पर निरीक्षक कर्मवीर सिंह और मुख्य आरक्षी राहुल कुमार को स्वर्ण प्रशंसा चिन्ह, जबकि निरीक्षक योगेन्द्र शर्मा, हरेन्द्र सिंह, सत्यनारायण, उप निरीक्षक तेजबहादुर सिंह, प्रेमवीर सिंह, महिला उप निरीक्षक राजेश, उप निरीक्षक अजय कुमार त्यागी, मुख्य आरक्षी गजेन्द्र सिंह और मुख्य आरक्षी चालक मुनेन्द्र कुमार शर्मा को सिल्वर प्रशंसा चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सराहनीय सामाजिक सेवाओं और जनहित कार्यों के लिए अन्य व्यक्तियों को भी स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके बाद विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एडीएम (वित्त) गजेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित पुलिस, प्रशासन, न्यायिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, पुलिस पेंशनर्स और पत्रकार उपस्थित रहे।



















