आयशा मॉडल स्कूल में विज्ञान दिवस पर सजी नवाचार की भव्य प्रदर्शनी

सहारनपुर महानगर स्थित आयशा मॉडल स्कूल में विज्ञान दिवस के अवसर पर एक भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की अद्भुत झलक देखने को मिली। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे मॉडलों और चार्टों से सुसज्जित था, जहां हर ओर बच्चों की जिज्ञासा और नवाचार की चमक दिखाई दे रही थी। कार्यक्रम का शुभारंभ हममेद खान सराहा, एडवोकेट अमजद अली तथा ख्वाजा साहब ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही प्रदर्शनी का औपचारिक आरंभ हुआ और अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन कर उनकी सराहना की।

विद्यालय के प्रबंधक मुजाहिद नदीम ने कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है और उनमें आत्मविश्वास का संचार होता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रशासन द्वारा 10 सर्वश्रेष्ठ मॉडलों को पुरस्कृत करने की परंपरा भी निभाई जाती है, ताकि बच्चों का उत्साह और मनोबल बढ़े तथा वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों। प्रधानाचार्य आयशा जमाल ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि सोचने और समझने का तरीका है। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से बच्चों को नई दिशा मिलती है।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने ग्लोबल वार्मिंग, पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा और भारत के ऐतिहासिक मिशन चंद्रयान-3 जैसे विषयों पर आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। कुछ बच्चों ने सौर ऊर्जा से चलने वाले उपकरणों के मॉडल बनाकर ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया, तो कुछ ने पर्यावरण बचाने के उपायों को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया। हर मॉडल में बच्चों की मेहनत, लगन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण स्पष्ट दिखाई दे रहा था।

इस अवसर पर हाफिज मुदस्सिर, काजी राशिद दानिश, रूबी, कुलसुम, शबाना, रोहिणा मिश्रा, अलीशा, इरम, नगमा और फिजा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विज्ञान दिवस का यह विशेष आयोजन न केवल विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देने वाला साबित हुआ, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से बच्चे देश के भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts