मोरना में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य एकता यात्रा, युवाओं में दिखा देशभक्ति का उत्साह

मुजफ्फरनगर के मोरना क्षेत्र में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा के नेतृत्व में सोमवार को एकता यात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा किसान मजदूर इंटर कॉलेज चौरावाला से शुरू होकर लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए ग्राम मोरना तक पहुंची। मार्ग में ज्ञानेंद्र प्रधान, ग्राम भेड़ाहेड़ी और मोरना सहित चार प्रमुख पड़ाव रहे, जहां स्थानीय लोगों ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।यात्रा में कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, सहकारी संगठन, स्वयं-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में गांव और कस्बों के निवासी शामिल हुए। इस दौरान हाथों में तिरंगा लिए युवाओं और कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम और भारत माता की जय के उद्घोष से देशभक्ति का वातावरण निर्मित किया। यात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की बड़ी भागीदारी ने अभियान को विशेष रूप से सफल बनाया।यूनिटी मार्च का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज का भारत उनकी दूरदृष्टि और राष्ट्र को एकसूत्र में पिरोने के संकल्प का परिणाम है। पूर्व मंत्री एवं एमएलसी वीरेन्द्र सिंह जसाला भी मार्च में साथ रहे।

 

अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्रव्यापी यूनिटी मार्च अभियान की व्यापकता को रेखांकित करते हुए बताया कि 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देश के हर जिले और विधानसभा क्षेत्र में यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम, निबंध प्रतियोगिताएं, चित्र प्रदर्शनी, पदयात्राएं और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जो युवाओं में राष्ट्रचेतना को मजबूत बना रही हैं।सभा को संबोधित करते हुए कार्यक्रम प्रभारी डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि सरदार पटेल ने अखंड भारत की अवधारणा को साकार करते हुए 563 रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। ब्लॉक प्रमुख अनिल राठी ने भी सरदार पटेल को भारत की एकता और अखंडता का निर्माता बताया। उन्होंने कहा कि रियासतों के विलय में उनकी भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा किसान मोर्चा के अमित राठी ने कहा कि पटेल न केवल एक महान प्रशासक थे, बल्कि आधुनिक भारत की मजबूती के आधारस्तंभ भी थे।पदयात्रा का समापन ड्रीम वेन्यू बैंक्वेट हाल में आयोजित सभा के साथ हुआ, जहां कॉलेजों के प्रधानाचार्यों, भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भाग लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति, वोकल फॉर लोकल और पर्यावरण संरक्षण के संकल्पों की शपथ ली। कार्यक्रम में कैप्टन प्रवीण चौधरी, रामकुमार शर्मा, बबलू गुर्जर, जोगिन्द्र सिंह, नितिन पोसवाल, प्रकाशवीर बाबूजी, अरुण पाल, संजय सिंह कोरी, बुद्धराम प्रधान, जयकरण गुर्जर, डॉ. दिनेश धीमान, रामकुमार सैनी, फूलचन्द, पंकज महेश्वरी और रविन्द्र ककरौली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts