मुजफ्फरनगर जेल में स्वतंत्रता दिवस पर हुआ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुजफ्फरनगर जिला कारागार में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर एक उल्लासपूर्ण और प्रेरणादायक सांस्कृतिक एवं गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने आजादी के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावनाओं को और प्रबल किया। कार्यक्रम में जेल प्रशासन और बंदियों ने जिस अनुशासन, उत्सवधर्मिता और समर्पण का परिचय दिया, वह अत्यंत सराहनीय रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के सामूहिक गान से हुई, जिसके बाद पूरे परिसर में वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे गूंज उठे। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ। जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने अपने प्रेरक संबोधन में आजादी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है और इसकी रक्षा के लिए हर व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए।

अभिषेक चौधरी, जेलर नीरज श्रीवास्तव, डिप्टी जेलर हेमराज और वार्डर अहसान ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। उनके देशभक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया। बंदियों द्वारा प्रस्तुत कविताओं, देशभक्ति गीतों और नाट्य प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से भरपूर सराहा। ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ और ‘जलवा जलवा’ जैसे गीतों ने वातावरण को भावुक कर दिया। स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनगाथाओं पर आधारित लघु नाटकों ने सभी को अपने गौरवशाली अतीत से परिचित कराया और समाज की मुख्यधारा में लौटने का संदेश दिया।

बाहर से आए कलाकारों कलीम वफ़ा और लयीक अहमद ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। लोकगीतों और देशभक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुति ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम पेश किया।

समापन अवसर पर जेल अधीक्षक ने सभी प्रतिभागियों और कलाकारों को सम्मानित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बंदियों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि बंदी अपनी छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर समाज के समक्ष प्रस्तुत कर सकें।

कार्यक्रम का समापन ‘जन गण मन’ के सामूहिक गान से हुआ। पूरे आयोजन में जहां एक ओर देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया, वहीं मानवता और सामाजिक पुनर्वास की झलक भी स्पष्ट रूप से नजर आई। सामाजिक संस्था द्वारा जेल अधीक्षक समेत सभी अधिकारियों को जेल सुधार में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था के सुंदर लाल, बबलू शर्मा, वशीम अहमद सहित समस्त स्टाफ और बंदीगण मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts