मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को बड़ी सौगात देते हुए राशन डीलरों का लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल करने की घोषणा की। इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला पंचायत सभागार में देखा गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में राशन डीलर मौजूद रहे।
कपिल देव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि लाभांश बढ़ाने से राशन डीलरों का आर्थिक सशक्तिकरण होगा और उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली से राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित होगी।मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय और हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री उचित दर दुकानों के माध्यम से कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। यह पहल वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती देगी।
लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी ने राशन डीलरों को बधाई दी। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने राशन विक्रेताओं से ईमानदारी और निष्ठा के साथ वितरण व्यवस्था का संचालन करने के निर्देश दिए।
























































