मिलेट्स किसान मेले में किसानों को श्री अन्न की खेती के बताए फायदे.

मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित आशीर्वाद वैकेट हॉल में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव एवं मिलेट्स किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल और जिला पंचायत प्रशासक अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में किसानों को मिलेट्स यानी श्री अन्न के उत्पादन, पोषण और उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई।

राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कृषि विभाग द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों से योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए किसानों के हित में पारदर्शिता के साथ निरंतर कार्य करने की बात कही।

मेले में विभिन्न विभागों की ओर से कृषि प्रदर्शनी लगाई गई, जहां किसानों को कृषि एवं संबंधित विभागों की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने मिलेट्स और न्यूट्रीसीरियल्स के उत्पादन तथा उनके महत्व पर प्रकाश डाला। कृषि विज्ञान केंद्र चित्तौड़ा के प्रभारी अधिकारी डा. यशपाल सिंह ने मिलेट्स फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों से बचाव तथा कृषि विविधीकरण की जानकारी दी। उन्होंने जैविक रसायनों के प्रयोग पर जोर दिया।

गन्ना शोध संस्थान के वैज्ञानिक डा. वेदप्रकाश ने गन्ने के साथ बाजरा व अन्य मिलेट्स की सहफसली खेती के फायदे बताए। कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डा. पूजा ने बाजरा, मिलेट्स और न्यूट्रीसीरियल्स के पोषण संबंधी लाभों की जानकारी दी। अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक अनिल सिंह और नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक निलय वत्स ने किसानों को बैंक ऋण एवं वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। अंत में प्रमोद सिरोही ने सभी अतिथियों, किसानों और सहयोगियों का आभार जताया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts