नई दिल्ली। नवरात्र के अवसर पर केंद्र सरकार ने बड़ी घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत 25 लाख नए मुफ्त एलपीजी कनेक्शन बांटने का निर्णय लिया है। इस कदम से देशभर में उज्ज्वला लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 10.6 करोड़ हो जाएगी। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने बताया कि सरकार प्रत्येक कनेक्शन पर 2,050 रुपये खर्च करेगी, जिसमें एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, गैस चूल्हा, रेगुलेटर और अन्य आवश्यक उपकरण शामिल होंगे। उन्होंने इसे महिलाओं के लिए नवरात्र का उपहार बताते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना का विस्तार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पुरी ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं का सम्मान देवी दुर्गा की तरह करते हैं और यह निर्णय माताओं व बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत करता है। इसके साथ ही मंत्री ने योजना को सशक्तिकरण का प्रतीक और परिवर्तन का स्रोत भी बताया। वहीं, जीएसटी सुधारों पर बोलते हुए पुरी ने कहा कि इससे देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 0.8 प्रतिशत की वृद्धि संभव है और यह लोगों में खुशी की लहर पैदा कर रहा है।















