अलवर जिले के अरावली विहार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। काला कुआं निवासी 27 वर्षीय सैजल विजय ने अपनी शादी से महज दस दिन पहले फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। देर रात जब परिजनों ने उसे घर में लटका देखा तो तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सैजल की शादी 10 दिसंबर को भोपाल में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर नमन से होने वाली थी और घर में शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। परिवार के सदस्यों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से सैजल मानसिक तनाव में थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि शादी को लेकर उन पर अनावश्यक दबाव डाला जा रहा था, जिसकी वजह से बेटी तनाव में रहती थी। उनका कहना है कि लगातार बढ़ते मानसिक दबाव और शादी से जुड़े विवादों ने सैजल को अंदर ही अंदर तोड़ दिया, और इसी तनाव के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। दूसरी ओर, पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोप–प्रत्यारोप को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एएसआई इशराक के अनुसार, मामले में परिवारजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजहों का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि क्या सैजल पर शादी के लिए किसी तरह का मानसिक या आर्थिक दबाव बनाया जा रहा था, या फिर कोई व्यक्तिगत कारण इस आत्महत्या के पीछे जिम्मेदार थे। सैजल पहले सिल्वर ओक स्कूल में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्य कर चुकी थी, जबकि उसके पिता एक निजी नौकरी करते हैं। परिवार इस घटना से पूरी तरह टूट गया है और इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डाटा सहित अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है, ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।















