मुजफ्फरनगर में युवती की गला रेतकर हत्या, भाई पर हत्या का आरोप, पुलिस ने शुरू की तलाश

मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 21 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। मृतका की पहचान अदीबा पुत्री शकील उर्फ वीर कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती किसी युवक से बातचीत करती थी, जिससे उसका भाई नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने कथित रूप से अपनी बहन की हत्या कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह तथा थानाध्यक्ष शाहपुर गजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मृतका की माता से भी बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल जरूर बना, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। स्थानीय पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषी को कानून के अनुसार सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts