बांदा में जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार, जिलाधिकारी जे. रीभा और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 1,45,829 पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन सभागार से प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत 1,890 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण महर्षि बामदेव सभागार, कलेक्ट्रेट में किया गया, जहां बड़ी संख्या में लाभार्थी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जलशक्ति राज्यमंत्री ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब वंचित परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि 2016 में शुरू हुई इस योजना का मकसद गरीब महिलाओं को धुएं और अन्य रसोई से जुड़ी परेशानियों से मुक्ति दिलाना है। बांदा जिले में 1,45,829 लाभार्थियों के बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से 511 रुपये प्रति लाभार्थी की सब्सिडी भेजी गई। मुख्यमंत्री ने 1.86 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा पूरा किया है, जिससे पात्र परिवारों को बिना किसी भेदभाव के लाभ मिल रहा है।
उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का भी जिक्र किया, जिनमें कन्या सुमंगला योजना, मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शामिल हैं। बताया गया कि अप्रैल से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत लाभार्थियों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
बांदा जिले में उज्ज्वला योजना के पहले चरण में 1,73,650 लाभार्थियों को फायदा पहुंचाया गया, जबकि दूसरे चरण में 73,472 नए उज्ज्वला गैस कनेक्शन वितरित किए गए। इस प्रकार जिले में अब तक कुल 2,47,122 उज्ज्वला कनेक्शन वितरित किए जा चुके हैं। कार्यक्रम में लाभार्थियों को 511 रुपये के डेमो चेक भी दिए गए।
धूम्रपान निषेध दिवस के मौके पर उपस्थित लोगों को तंबाकू और धूम्रपान से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। जनपद के सभी कार्यालयों को धूम्रपान और तंबाकू मुक्त रखने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासु गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य, अपर आयुक्त प्रशासन अमर पाल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान और बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।















