भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
मुजफ्फरनगर के सम्राट इंटर कॉलेज, मिमलाना रोड में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं और विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक प्रस्तुत किए गए, जिनमें देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को याद किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अरशद सम्राट ने इस अवसर पर कहा कि 2 अक्टूबर को हम महान स्वतंत्रता सेनानी और आदर्शवादी नेता महात्मा गांधी की जयंती मनाते हैं, जिन्हें बापू के नाम से जाना जाता है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया और कई बार जेल गए। गांधी जी ने न केवल भारत को आजादी दिलाने के लिए संघर्ष किया, बल्कि हिंदू-मुस्लिम एकता, अस्पृश्यता, नस्लीय भेदभाव, और महिला सशक्तिकरण के लिए भी आवाज उठाई।डॉ. सम्राट ने लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी रेखांकित किया, जिन्होंने “जय जवान, जय किसान” का नारा दिया और भारत की स्वतंत्रता में गांधी जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। इस आयोजन में विद्यालय के स्टाफ के कई सदस्य, जैसे इरफाना अंजुम, शगुफा नाज, मोहम्मद शादाब, उजमा, और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।















