दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे नंबर-28 पर शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अधिकारियों ने पूर्ण इमरजेंसी लागू कर दी। विशाखापट्टनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-579 के एक इंजन में खराबी आने के बाद यह इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किया गया।इमरजेंसी लागू करने के कुछ समय बाद एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह इंडिगो के विमान ने विशाखापट्टनम से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग से कुछ समय पहले पायलट ने विमान के एक इंजन में खराबी की जानकारी दी। आपात स्थिति से निपटने के लिए रनवे-28 को तुरंत खाली कराया गया और दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस तथा मेडिकल टीमों को तैनात कर दिया गया। पूरे रनवे-28 को हाई अलर्ट पर रखा गया।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग
- कुछ ही मिनट बाद इंडिगो के इस विमान को योजना के तहत रनवे-28 पर लैंड कराया गया।
- गनीमत रही कि बोइंग 737-800 विमान सुरक्षित लैंड हो गया और सभी यात्री और क्रू मेंबर्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
- अधिकारियों ने बताया कि विमान को सुरक्षित तरीके से उतारने की पूरी तैयारी की गई थी।
उन्होंने कहा, पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा और विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे थे। किसी भी यात्री या क्रू मेंबर्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
कोलकाता एयरपोर्ट पर टर्किश एयरलाइंस की हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले 4 फरवरी को टर्किश एयरलाइंस के एक विमान ने कोलकाता एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की थी। पायलट ने एटीसी को जानकारी दी थी कि विमान के दाएं इंजन में आग लग गई थी, जिसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जानकारी के अनुसार, विमान में 236 लोग सवार थे, जिनमें 225 यात्री और 11 चालक दल के सदस्य शामिल थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
इस्तांबुल जाने वाली फ्लाइट टीएचवाई-727 ने नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीआईए) से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के चार मिनट के भीतर ही चालक दल को दाएं इंजन में खराबी का पता चला। चालक दल के पास काठमांडू लौटने या भैरहवा जाने का विकल्प था, लेकिन विमान लंबी दूरी की यात्रा के लिए अनुपयुक्त हो गया था।















