साफ-सुथरा घर न सिर्फ देखने में अच्छा लगता है बल्कि इससे घर में पॉजिटिविटी भी महसूस होती है. अगर घर मैसी दिखे तो इससे आपको दूसरो के सामने शर्मिंदा भी होना पड़ सकता है तो वहीं जब आपका मूड खराब हो तो अव्यवस्थित घर को देखकर आप और भी ज्यादा परेशान हो सकते हैं. बहुत बार ऐसा होता है कि आप कितनी भी सफाई कर लें, लेकिन कुछ चीजें ऐसी होती हैं जो घर को अव्यवस्थित दिखाती हैं. यही वजह है कि सिर्फ सफाई करना ही काफी नहीं होता है, बल्कि कुछ चीजों को ऑर्गनाइज करना भी जरूरी है. इस आर्टिकल में जानेंगे कि वो कौन सी 5 चीजें हैं जो आपके घर को गंदा दिखाती हैं और आप इनको 10 मिनट से भी कम समय में सही कर सकते हैं.घर को व्यवस्थित करने के के बाद एक अलग ही खुशी महसूस होती है जैसे कि अलमारी से सारा सामान निकालना, करीने से कपड़ों को तय करके रखना, लेकिन सच तो ये है कि हर दिन इतना टाइम नहीं होता है. कभी-कभी, अपने घर को व्यवस्थित करने के लिए केवल 10 मिनट ही काफी हो जाते हैं और अगर आप इन चीजों को सही से रखने पर ध्यान देते हैं तो आपका घर हमेशा साफ और ऑर्गेनाइज दिखाई देता है.
बेडरूम में ये ध्यान रखें
आप सुबह सोकर उठते हैं तो सबसे पहला काम अपने बिस्तर को व्यवस्थित करना है, जिसमें आपको 5 से 6 मिनट ही लगते हैं. इसके बाद पास में रखी टेबल पर जो भी सामान पड़ा है जैसे चार्जर, रात के पानी के गिलास बोतल सब हटा दीजिए. इससे आपका बेडरूम बिल्कुल व्यवस्थित दिखता है. इसके अलावा ड्रेसिंग टेबल पर कंघा, परफ्यूम, मेकअप का सामान व्यवस्थित रखिए. नाइट स्किन केयर के बाद सारे प्रोडक्ट्स को भी तुरंत हटा देना चाहिए.
गेट का ड्रॉप जोन ठीक करें
आपका दरवाजा सबसे ज्यादा साफ होना चाहिए. एंट्री पर ही अगर गंदगी या चीजें बिखरी हुई दिखें तो आने वाले को न सिर्फ असुविधा महसूस होती है, बल्कि ये देखने में भी काफी खराब लगता है. जैसे डस्टबिन को दरवाजे से कहीं अलग रखें. हमेशा ढक्कन वाला डस्टबिन यूज करें. इसके अलावा जूते-चप्पल व्यवस्थित तरीके से रखने के लिए ऑर्गेनाइजर होना चाहिए. डोरमेट को सही से बिछाकर रखें. खिड़कियों पर जमा धूल को सूखे कपड़े से झाड़ देना चाहिए.
बाथरूम काउंटर पर ध्यान दें
ब्रश करने के बाद या मुंह धोने के बाद सामान अगर इधर-उधर फैला रहे तो ये देखने में बहुत गंदा लगता है. बस आपको ब्रश से लेकर साबुन, फेस वॉश, शैंपू ये सारी चीजें व्यवस्थित तरीके से रखनी हैं और बच्चों में भी ये आदत डालनी चाहिए. तौलिया को इधर-उधर न डालें.
आपके पर्स-बैग को ऑर्गेनाइज रखें
अक्सर लोग ऑफिस से आते हैं या फिर बच्चे स्कूल से आते हैं तो उनके बैग पर्स वो बाहर रखी टेबल, सोफा या कुर्सी पर ही डाल देते हैं, इससे घर काफी अव्यवस्थित दिखाई देता है. इन सारी चीजों के लिए हमेशा एक सही जगह बनाएं और ये रूल होना चाहिए कि सभी लोग इन सारी चीजों को उनकी अपनी जगह पर रखेंगे.
रसोई का स्लैब रखें साफ
किचन में सबसे ज्यादा मैसी दिखता है किचन का स्लैब. खाना बनाते वक्त बस आपको इतना ध्यान रखना है कि जो भी डिब्बे आप उठा रहे हैं उनको तुरंत उसी जगह पर यूज के बाद वापस रखते जाएं. खाली हुए गंदे बर्तनों को स्लैब से हटाकर सिंक की तरफ रखें. सब्जी-फल काटने के बाद बचे हुए छिलके तुरंत डस्टबिन में डालने के बाद कपड़े से स्लैब को पोंछ दें.















