गाँव सोरम में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

शाहपुर। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की टीम ने गाँव सोरम में ईदगाह के निकट निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में सैकड़ों मरीजों का इलाज किया गया, जिसमें आंख, नाक, गला, दांत और अन्य बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएँ दीं। मेडिकल कॉलेज की विशेष चिकित्सा मोबाइल वैन भी शिविर में शामिल रही, जिससे ग्रामीणों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं।

शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत वार्ड 27 के भावी उम्मीदवार संदीप बालियान और शकील चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर संदीप बालियान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएँ सीमित होने के कारण ऐसे निशुल्क चिकित्सा शिविर अत्यंत लाभदायक सिद्ध होते हैं।

चिकित्सकों ने मरीजों की जाँच कर उन्हें उचित परामर्श दिया और आवश्यक दवाएँ भी मुफ्त वितरित कीं। शिविर में नेत्र, कान, गला और दंत रोगों के मरीजों की संख्या अधिक रही। ग्रामीण इल्मदीन, कादिर बालियान, युवा भाजपा नेता हाफिज हारून, रिजवान, शकील इदरीश आदि ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निशुल्क चिकित्सा शिविर से उन्हें बड़ा लाभ मिला है।

मेडिकल कॉलेज से आए डॉ. शिवांगी, डॉ. साहिल, डॉ. सौरव, डॉ. नाबिल, डॉ. ऋषिका ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल सके। शिविर में अनुज, प्रमोद, डॉ. सबा खान और कामिल चौधरी का विशेष सहयोग रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts