मुज़फ्फरनगर के वरदान धर्मार्थ नेत्र सेवा संस्थान, प्रेमपुरी द्वारा स्वर्गीय अनिता तायल धर्मपत्नी रामकुमार तायल (प्रदेश महामंत्री, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन) की पंचम पुण्यतिथि के अवसर पर एक विशाल नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन वरदान नेत्र चिकित्सालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अनिता तायल की पुण्य स्मृति में नगर के गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की और संस्थान की सेवाभावी पहल की सराहना की।
शिविर में कुल 190 मरीजों की नेत्र जांच की गई, जिनमें से 23 मरीजों को ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया। सभी चयनित रोगियों के मोतियाबिंद ऑपरेशन पूर्णत: नि:शुल्क किए जाएंगे। इस अवसर पर उपस्थित नेत्र विशेषज्ञ डॉ. स्वाती अग्रवाल, जो बनारस यूनिवर्सिटी से गोल्ड मेडलिस्ट हैं, ने रोगियों की जांच की और ऑपरेशन की जिम्मेदारी संभाली।
शिविर के आयोजन में संस्थान के अध्यक्ष शिवचरण दास गर्ग, सचिव पवन कुमार गोयल, कोषाध्यक्ष भानुप्रताप अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें योगेंद्र जैन, अशोक अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, अक्षत जैन, अंकित गर्ग, अमित गर्ग, शिशुकांत गर्ग, राजेश मित्तल, सतीश गोयल, कमल गोयल, सुगंध जैन, अनमोल अग्रवाल, वंसज तायल, डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. पुंडीर सहित अस्पताल का पूरा स्टाफ प्रमुख रूप से शामिल रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने संस्थान द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं परोपकारी कार्यों की सराहना की और इसे समाजहित में अनुकरणीय बताया। यह शिविर न केवल रोगियों के लिए राहत का कारण बना बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी प्रबल करने वाला साबित हुआ।















