हथियार तस्करी में लिप्त गिरोह का भंडाफोड़, चार शातिर अपराधी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में नगर कोतवाली पुलिस ने हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए शुक्रवार रात चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शामलीमुजफ्फरनगर रोड पर स्थित काली नदी पुल के पास की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए, जिनमें चार पिस्टल, पांच तमंचे, एक रिवॉल्वर, दो मस्कट, चार मोबाइल फोन, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल शामिल हैं।गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान सुभाष (मुजफ्फरनगर), हुसैन खान (करनाल, हरियाणा), नासिर हुसैन (भोपाल) और सुधीर (नई मंडी, मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि सुभाष इस गिरोह का सरगना है और वह बिहार के मुंगेर जिले से पिस्टल खरीदकर उन्हें हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता था। एक पिस्टल वह 25,000 रुपये में खरीदता और 40,000 से 50,000 रुपये में बेच देता था। अब तक यह गिरोह 10 लाख रुपये से अधिक के अवैध हथियारों की तस्करी कर चुका है।पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पिछले दो वर्षों से सक्रिय था और इसका सीधा संपर्क बिहार के हथियार सप्लायर्स से था। गिरफ्तार अपराधी पहले भी हत्या, आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं और पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं। इनके खिलाफ संबंधित धाराओं 263/25, 3/5/25/35 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह आगामी उत्तर प्रदेश पंचायत चुनावों में इन हथियारों का दुरुपयोग करने की योजना में था। ऐसे में समय रहते की गई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिससे संभावित चुनावी हिंसा को रोका जा सका है। प्रशासन अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गया है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts