मुजफ्फरनगर के बेगराजपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में तैनात एक्स-रे टेक्नीशियन रामकुमार द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलेज के ही कुछ कर्मचारियों द्वारा लगातार उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाए जाने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में थाना मंसूरपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 36/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार रामकुमार पुत्र निर्भान सिंह निवासी ग्राम नौरोजपुर थाना कुठौंद जिला जालौन मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर के एक्स-रे विभाग में कार्यरत थे। परिजनों की तहरीर में आरोप लगाया गया कि कॉलेज के कुछ कर्मचारी उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और आत्महत्या के लिए उकसा रहे थे। इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में दबिश दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार द्वारा चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खतौली के नेतृत्व में थाना मंसूरपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चारों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल त्यागी पुत्र पीताम्बर त्यागी निवासी अम्बेहठा शेखा थाना देवबंद जिला सहारनपुर, कालूराम पुत्र बलजोर सिंह निवासी ग्राम मुबारिकपुर थाना मंसूरपुर, सीमा पुत्री बलवीर सिंह निवासी हनुमानपुरी कॉलोनी रामलीला टिल्ला थाना कोतवाली नगर तथा दीपशिखा पत्नी उपदेश कुमार निवासी पुरबालियान थाना मंसूरपुर शामिल हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों को हाईवे-58 स्थित मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर के पास जियो पेट्रोल पंप के समीप से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी का समय करीब सुबह 11 बजे बताया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की विवेचना जारी है। इस घटना से मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।















