अलवर शहर के एनई थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीओ सिटी अंगद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हनुमान चौराहे के पास एक थार गाड़ी में चार संदिग्ध लोग बैठे हैं और साइबर ठगी कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर एएसआई अजय शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 50 सिम कार्ड, 13 मोबाइल, 20,800 रुपये नकद और एक थार गाड़ी बरामद की है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वसीम, राघवेंद्र, सोहेब और वारिस के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इस साइबर ठगी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।















