लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र व जनपद मुजफ्फरनगर से संबंधित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।चौधरी योगराज सिंह ने भैसाना शुगर मिल, बुढ़ाना द्वारा किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को शीघ्र कराए जाने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। साथ ही किसानों की सिंचाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु बरसाती राजवाहों एवं माइनरों—जैसे कुरथल, निरपुड़ा, टीकरी राजवाहा और भडल, मिलाना, सूजती, दोघट, भगवानपुर, गैडबरा माइनर—में रबी व खरीफ दोनों सीज़नों के लिए टेल तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।इसके अतिरिक्त उन्होंने कल्याणपुर राजकीय इंटर कॉलेज एवं दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज, बिटावदा में शिक्षण स्टाफ़ एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था, बुढ़ाना क्षेत्र के अतिभारित विद्युत केंद्रों की क्षमता वृद्धि, यूरिया की समुचित आपूर्ति तथा नकली कीटनाशक बेचने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग भी रखी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।















