सहारनपुर।कांवड़ यात्रा 2025 को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से मण्डलायुक्त अटल कुमार राय ने सहारनपुर में कांवड़c यात्रियों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए क्यूआर कोड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मण्डलायुक्त श्री राय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिलाधिकारी सहारनपुर एवं उनकी टीम द्वारा विकसित यह क्यूआर कोड तकनीक का बेहतरीन उपयोग है, जिससे लाखों कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान हर जरूरी जानकारी मोबाइल पर एक क्लिक में मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि इस क्यूआर कोड को स्कैन करने पर यात्रियों को नजदीकी शौचालय, चिकित्सा शिविर, पानी व पैट्रोल स्टेशन, ढाबा, रेस्टोरेंट, थाना-चौकी, कांवड़ मार्ग, कांवड़ शिविर और हेल्पलाइन नंबरों की पूरी जानकारी एक मानचित्र के साथ मिल जाएगी। इस क्यूआर कोड को मुख्य कांवड़ मार्गों, सभी शिविरों, साइनबोर्ड्स और अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि सहारनपुर से होकर विभिन्न राज्यों के लाखों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा के दौरान गुजरते हैं। उन्हें मूलभूत सुविधाएं बिना किसी परेशानी के मिलें, इसके लिए यह डिजिटल समाधान तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि क्यूआर कोड के माध्यम से न सिर्फ जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी बल्कि किसी भी समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, एसपी ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा, उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।















