मुज़फ्फरनगर। जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के आदेश के तहत, हाल ही में जनपद मुजफ्फरनगर में सहायक आयुक्त खाद्य, अर्चना धीरान और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवकुमार मिश्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने दिलशाद मिल्क पनीर निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल के खाली कंटेनर मिलने पर पूछताछ की गई, जिसमें निर्माण इकाई ने पनीर बनाने में उक्त तेल के प्रयोग को स्वीकार किया। संदेहास्पद पनीर का एक विधिक नमूना संग्रहित किया गया और लगभग 200 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 52,000 रुपये है, नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, आनंदपुरी, मुजफ्फरनगर स्थित त्यागी एक्सपेलर से पीयूष कुमार त्यागी के यहां से सरसों के तेल का एक विधिक नमूना भी लिया गया। नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार और मनोज कुमार भी शामिल थे।














