दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है और राजधानी पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। पहाड़ों में हो रही भारी बारिश और यमुना के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रहे जलभराव के चलते स्थिति गंभीर बन गई है। इसी बीच हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथनीकुंड बैराज से पानी का दबाव कम करने के लिए सभी 18 फ्लड गेट खोल दिए गए हैं। बैराज से छोड़े गए पानी के अगले 24 से 36 घंटे में दिल्ली पहुंचने की संभावना है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। वहीं, बाढ़ नियंत्रण विभाग और एनडीआरएफ की टीमें भी पूरी तरह से मुस्तैद कर दी गई हैं ताकि आपात स्थिति से निपटा जा सके।















