UAE में उड़ानें फिर से बहाल,

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने ईरान युद्ध के बाद लगाए गए सभी हवाई प्रतिबंध हटा दिए हैं. यूएई की जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी ने शनिवार को बताया कि अब यूएई के हवाई क्षेत्र में उड़ानें पूरी तरह सामान्य हो गई हैं. अथॉरिटी ने कहा कि यह फैसला सुरक्षा और ऑपरेशन की स्थिति का पूरा आकलन करने के बाद लिया गया है. साथ ही यह भी कहा गया कि आगे भी हालात पर नजर रखी जाएगी.यह फैसला यूएई के दुबई और अबूधाबी जैसे बड़े एयरपोर्ट्स के लिए राहत की खबर है. दुबई दुनिया का सबसे व्यस्त इंटरनेशनल एयरपोर्ट माना जाता है. ईरान युद्ध के कारण पूरे मिडिल ईस्ट में हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई थीं. ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद खाड़ी देशों के बड़े हिस्सों में हवाई क्षेत्र बंद करना पड़ा था. इसका असर सिर्फ उड़ानों पर ही नहीं, बल्कि उन देशों की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा, जो तेल पर निर्भरता कम करने की कोशिश कर रहे हैं.

यूरोप और एशिया की उड़ानें भी प्रभावित हुईं

इस संकट की वजह से यूरोप और एशिया के बीच लंबी दूरी की उड़ानों के रास्ते भी सीमित हो गए थे. यूएई के अलावा इराक, जॉर्डन, कतर, बहरीन और कुवैत जैसे कई देशों ने अपने हवाई क्षेत्र को पूरी तरह या आंशिक रूप से बंद कर दिया था. यूएई की बड़ी एयरलाइंस एमिरेट्स और फ्लाईदुबई ने कुछ समय के लिए अपनी सभी उड़ानें रोक दी थीं. वहीं एतिहाद एयरवेज ने अबू धाबी से उड़ानें अस्थायी रूप से बंद कर दी थीं.

11 हजार से ज्यादा उड़ाने रद्द हुईं

एविएशन डेटा कंपनी सिरियम के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के शुरुआती दिनों में इस क्षेत्र में 11,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं. यूएई ने फरवरी के अंत में अपने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद किया था और मार्च में धीरे-धीरे उड़ानें शुरू की थीं.1 से 12 मार्च के बीच जब आंशिक रूप से उड़ानें चालू हुईं, तब देश के एयरपोर्ट्स ने करीब 14 लाख यात्रियों को संभाला और 7,839 उड़ानें संचालित की गईं. इस दौरान देश की एयरलाइंस की सेवाएं सामान्य स्तर के लगभग 44.6% तक पहुंच गई थीं.8 अप्रैल को युद्धविराम के बाद हालात सुधरने लगे. अब यूएई ने पूरी तरह हवाई सेवाएं बहाल कर दी हैं. इसके साथ ही क्षेत्र में हवाई सेवाओं के सामान्य होने के संकेत मिल रहे हैं. कतर एयरवेज ने कहा है कि वह 10 मई से इराक के तीन शहरों के लिए उड़ानें फिर शुरू करेगी. साथ ही जून के मध्य से दुनिया के 150 से ज्यादा डेस्टिनेशन के लिए उड़ाने शुरु करने की योजना बना रही है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts