मुजफ्फरनगर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स का जायजा लेते हुए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
होली के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। पुलिस की इस सक्रियता से आमजन में सुरक्षा और विश्वास का संदेश गया।इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक नगर ने नगर क्षेत्र के चार प्रमुख थानों—कोतवाली नगर, खालापार, सिविल लाइन और नई मंडी—में बनाए गए ड्यूटी प्वाइंट्स का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक ड्यूटी स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शरारती तत्वों की गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक नगर ने निर्देश दिए कि सभी ड्यूटी प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की जाए। इसके अलावा बाजारों, प्रमुख मार्गों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने स्थानीय लोगों से भी संवाद किया और उनसे होली को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों और मेल-मिलाप का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग शांति और आपसी सम्मान के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह या गलत सूचना पर ध्यान न दें।उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है। नगर क्षेत्र में लगातार गश्त, ड्यूटी प्वाइंट्स की निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष व्यवस्था के माध्यम से कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगी।















