मुज़फ्फरनगर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) मुज़फ्फरनगर चैप्टर की युवा उद्यमी विंग की पहली बैठक आईआईए कार्यालय, प्रकाश चौक पर आयोजित हुई। इसमें शहर के कई युवा उद्यमियों ने भाग लिया और व्यापार जगत में नए विचारों व संभावनाओं पर चर्चा की।बैठक की अध्यक्षता आईआईए चैप्टर के चेयरमैन पवन कुमार गोयल ने की। उन्होंने कहा कि युवा ही आने वाले समय में उद्योगों की रीढ़ हैं और उन्हें अपने उद्योग को सिर्फ व्यक्तिगत लाभ तक सीमित न रखकर समाज व देश की उन्नति में भी योगदान देना चाहिए।
आईआईए महासचिव अमित जैन ने बैठक का संचालन किया। उन्होंने कहा कि यह विंग केवल एक समूह नहीं बल्कि उन युवाओं के लिए एक ताकत बनेगा, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने की हिम्मत रखते हैं। बैठक में 19 मार्च से प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले बुलड भारत एक्सपो पर भी चर्चा हुई और उद्यमियों से अपने स्टॉल लगाने पर जोर दिया गया।आईआईए के संयुक्त सचिव एवं युवा उद्यमी विंग के चीफ़ कोऑर्डिनेटर अमन गुप्ता ने कहा, “हम यहां सिर्फ बातें करने नहीं, कुछ करने आए हैं। जब युवा एक साथ आते हैं, तो इतिहास बनता है। हमें सीमित सोच से बाहर आकर अपने उद्योगों को नई ऊंचाइयों तक ले जाना होगा।”आईआईए के जॉइंट सेक्रेटरी और युवा विंग के जॉइंट कन्वेनर राहुल मित्तल ने कहा, “अगर हमें भारत को आत्मनिर्भर बनाना है, तो पहले हमें खुद को आत्मनिर्भर बनाना होगा। यह तभी संभव है जब हम आपस में सहयोग करें, सीखें और मिलकर आगे बढ़ें।”
बैठक के अंत में सहमति बनी कि यह विंग व्यापारिक नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ नए अवसरों और विचारों को भी जन्म देगा। युवा उद्यमी अब केवल अपने व्यापार तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि एक-दूसरे को आगे बढ़ाने और सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।बैठक में राज शाह (अशोका लैमिनेटर्स), अनमोल अग्रवाल (श्री पारसनाथ पैकेजिंग), समर्थ जैन (इंडोमेट अम्ब्रेला), केशव गर्ग (दीपक सेरामिक्स), अर्चित गोयल (स्वास्तिक इंडिया), मृदुल भाटिया (कृष्णांचल पेपर), अर्पित गोयल (इंडियन एलॉयड), नितीश (नज़र केमिकल), प्रणव गोयल (एश्योर्ड एश्योर्ड), आचमन गोयल (इंजीनियर) और तुषार गुप्ता (एडवोकेट) सहित कई युवा उद्यमी उपस्थित रहे।















