तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 साल की एक मासूम बच्ची के अपहरण, बलात्कार और हत्या का मामला पूरे राज्य को झकझोर रहा है। ठीक उसी समय जब पूरा प्रदेश शोक और गुस्से की आग में जल रहा है, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की हंसी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने जनता में आक्रोश पैदा कर दिया।
प्रेस ब्रीफिंग में मुस्कुराती दिखी महिला अधिकारी
पुलिस महानिरीक्षक (पश्चिम जोन) आरवी राम्या भारती सुलूर में हुई इस जघन्य घटना पर मीडिया को संबोधित करने से ठीक पहले पत्रकारों के साथ हंसती हुईं बातचीत करती दिख रही हैं। वीडियो में उनकी हंसी संवेदनशील मामले की गंभीरता के बिल्कुल विपरीत है। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे ‘संवेदनहीनता की चरम सीमा’ बताया है।एक यूजर ने लिखा, ‘पूरा राज्य एक बच्ची की क्रूर हत्या पर रो रहा है, और वरिष्ठ अधिकारी ब्रीफिंग से पहले हंस रही हैं।’ यह वीडियो तेजी से वायरल होकर तमिलनाडु की सत्तारूढ़ डीएमके सरकार और प्रशासन पर सवालों की बौछार कर रहा है।
सरकार पर उठाए सवाल
इससे पहले उद्योग मंत्री एस. कीर्थना भी एक अलग वीडियो में इस मामले पर सवालों के जवाब देते समय मुस्कुराती दिखाई दी थीं। उन्होंने कहा था कि वह केवल ‘प्रशासनिक प्रश्नों’ का ही जवाब देंगी। भाजपा नेताओं ने उनके रवैये को ‘उपेक्षापूर्ण”’ करार दिया। बाद में कीर्थना ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि उनकी बॉडी लैंग्वेज को राजनीतिक कारणों से तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।सुलूर की इस घटना ने पूरे तमिलनाडु में आक्रोश पैदा कर दिया है। विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विजय ने न्याय का आश्वासन दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन जनता का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा।























































