राजवाहों की सिल्ट सफाई कार्य का शुभारंभ, किसानों को मिलेगी सिंचाई सुविधा

मुजफ्फरनगर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वर्षा ऋतु के समापन पर सिंचाई विभाग द्वारा राजवाहों की सिल्ट सफाई कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने मुख्य अतिथि के रूप में पूजन-अर्चन कर नारियल तोड़कर किया। इस अवसर पर राजवाहा अथाई, भोपा, जौली, नगला बुजुर्ग सहित कई स्थानों पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों एवं जूनियर इंजीनियरों की उपस्थिति में कार्य की शुरुआत की गई।

डॉ. निर्वाल ने अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा, एसडीओ तृतीय मनोज कुमार, जूनियर इंजीनियर वीरेंद्र कुमार, जय प्रकाश एवं धर्मेंद्र कुमार को निर्देश देते हुए कहा कि सिल्ट सफाई कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि किसानों को गेहूं की बुवाई और सरसों की बिजाई के समय सिंचाई में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसान सरकार की प्राथमिकता में हैं, इसलिए विभाग को सुनिश्चित करना होगा कि सभी नहरें और राजवाहे समय से साफ होकर चालू स्थिति में रहें।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि सफाई कार्य निर्धारित समय के भीतर पूर्ण कर दिया जाएगा और जल प्रवाह निर्बाध रूप से किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भाजपा संजय सिंह कोरी, जिला संयोजक रामकुमार शर्मा, गुरुदास वालिया, रविंद्र कुमार, महिपाल राठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सफाई कार्य के शुभारंभ से किसानों में उत्साह देखा गया, क्योंकि इससे आगामी रबी फसलों की सिंचाई सुचारू रूप से हो सकेगी। जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग द्वारा इस पहल को कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts