मुजफ्फरनगर। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को आयोजित होने वाले किसान दिवस का आयोजन जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और उनके समाधान की मांग की। बैठक की शुरुआत में किसानों को पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी गई। साथ ही कृषि विभाग एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई, ताकि किसान इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
किसान दिवस के दौरान किसानों ने भुगतान, सिंचाई, उर्वरक उपलब्धता, चकबंदी और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। आदमपुर मौचड़ी निवासी योगेश प्रधान ने शिकायत करते हुए बताया कि कोऑपरेटिव सोसायटी पर किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे खेती कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं जंधेड़ी निवासी मनोज कुमार सैनी ने बताया कि जानसठ क्षेत्र के काटका माइनर से जंधेड़ी तक नहर का पानी पिछले पांच वर्षों से नहीं पहुंच रहा है, जिसके कारण किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाकर निजी संसाधनों से सिंचाई करनी पड़ रही है।इसके अतिरिक्त चरथावल क्षेत्र के मुथरा गांव निवासी सुदेश पाल तथा धुमन सिंह ने चकबंदी विभाग से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं और अधिकारियों से इनके शीघ्र समाधान की मांग की। किसानों ने कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके और कृषि कार्य प्रभावित न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने किसानों की सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निस्तारण आख्या की सॉफ्ट कॉपी जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए तथा उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित अधिकारी समय से उपस्थित रहें और किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास करें। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों के समाधान के लिए व्यक्तिगत स्तर पर भी निगरानी की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में किसानों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया गया। किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।















