किसान दिवस में गूंजी किसानों की समस्याएं, बाढ़, जल निकासी, सड़क और बिजली के मुद्दों पर समाधान का भरोसा.

मुजफ्फरनगर। जनपद स्तर पर जुलाई-2026 का किसान दिवस जिला पंचायत सभागार में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। बैठक में सबसे पहले पिछली किसान दिवस बैठक में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी किसानों को दी गई। इसके बाद जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा और लिखित रूप में प्रार्थना पत्र भी सौंपे।किसान दिवस में शेरपुर खादर और बढ़ीवाला के किसानों ने बाढ़ और जलकुंभी के कारण जल निकासी बाधित होने की समस्या उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की। किसानों ने पुल हटाने, एनएच-24 से सर्विस रोड बनवाने और क्षेत्र के सर्किल रेट बढ़ाने की मांग भी रखी। एक किसान ने कृषि यंत्र फार्म मशीनरी बैंक का दोबारा सत्यापन कराकर 12 लाख रुपये की रिकवरी वापस लेने का अनुरोध किया।

चरथावल क्षेत्र के ग्राम प्रधान संजय त्यागी ने ग्राम मलीरा के पास काली नदी किनारे लगे कूड़े के ढेर को हटाने, टोल प्लाजा से 10 किलोमीटर तक टोल टैक्स माफ करने, मलीरा अड्डे की पुलिया निर्माण, कुटेसरा कब्रिस्तान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन हटाने, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत, बिजली कनेक्शन का भार कम करने, चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर सूखे यूकेलिप्टस के पेड़ों की कटाई तथा अधूरी पानी की टंकी का निर्माण पूरा कराने की मांग रखी।इसके अलावा ग्राम सोरम के ग्रामीणों ने नाले की खुदाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। कृषि उपज से संबंधित खसरे में सुधार, पुरकाजी के लकसर रोड स्थित पुल से खेतों तक पहुंचने के रास्ते की समस्या, ग्राम चांदपुर मखियाली में सुचारु विद्युत आपूर्ति और पानी की टंकी से जुड़ी समस्याएं भी बैठक में उठाई गईं। किसानों ने बिजली से जुड़े इस्टीमेट को दोबारा तैयार कराने की मांग भी अधिकारियों के समक्ष रखी।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की निस्तारण आख्या जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए तथा उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में भी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आगामी किसान समाधान दिवस में सभी विभागीय अधिकारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अंत में किसानों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts