मुजफ्फरनगर में किसान दिवस आयोजित, गन्ना तौल केंद्रों की जांच और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश.

मुजफ्फरनगर जनपद में किसानों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से तृतीय जिला स्तर पर किसान दिवस का आयोजन जिला पंचायत सभा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने की। दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान भाइयों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। बैठक की शुरुआत में पिछली किसान दिवस बैठक में दर्ज की गई शिकायतों के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने बिंदुवार जानकारी देते हुए बताया कि किन-किन मामलों का समाधान किया जा चुका है और कौन से प्रकरण प्रक्रियाधीन हैं।किसान दिवस के दौरान कृषि विभाग तथा कृषि से जुड़े अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी किसानों को दी गई। किसानों को फसल बीमा योजना, उर्वरक वितरण, सिंचाई सुविधाओं, पशुपालन योजनाओं और कृषि यंत्रीकरण से संबंधित योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर किसानों ने गन्ना तौल केंद्रों में अनियमितताओं की शिकायत करते हुए जनपद के समस्त गन्ना तौल केंद्रों की जांच कराए जाने की मांग की। किसानों का कहना था कि तौल में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए।

इसके अतिरिक्त जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने या अन्य कार्यों के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को क्षतिग्रस्त कर देने की शिकायत भी प्रमुख रूप से उठाई गई। किसानों ने बताया कि अधिकांश गांवों में रास्ते खराब हो चुके हैं, जिससे आवागमन में कठिनाई हो रही है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए आश्वासन दिया कि गन्ना तौल केंद्रों की जांच कराई जाएगी तथा जल निगम द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए रास्तों को शीघ्र ठीक कराया जाएगा।

बैठक में विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याएं भी सामने आईं। किसानों ने बिजली कटौती, लो वोल्टेज और जर्जर तारों की समस्या को गंभीर बताया। इस पर अपर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे व्यक्तिगत रूप से इन समस्याओं पर ध्यान दें और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि निस्तारण आख्या की सॉफ्ट कॉपी जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए और उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए। आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित अधिकारियों को समय से उपस्थित रहने के भी निर्देश दिए गए।अंत में अपर जिलाधिकारी ने सभी कृषकों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इसी संकल्प के साथ किसान दिवस का समापन किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts