मुजफ्फरनगर में किसानों की समस्याओं के समाधान और कृषि से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभा कक्ष में किसान दिवस का आयोजन किया गया। उप कृषि निदेशक ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को जनपद स्तर पर किसान दिवस आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में अप्रैल माह के लिए किसान दिवस दोपहर 12 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
किसान दिवस के दौरान उपस्थित किसानों को पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी गई और कृषि एवं उससे जुड़े विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। बैठक में किसानों ने गन्ना भुगतान, पर्यावरण प्रदूषण और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। किसानों द्वारा गन्ना मिलों से बकाया भुगतान जल्द कराने की मांग की गई, जिस पर जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि गन्ना भुगतान की प्रक्रिया को तेज कराया जाएगा और किसानों को नई प्रजाति के गन्ने की बुवाई के बारे में भी जानकारी दी गई।
ग्राम पिनना निवासी सुमित मलिक ने पेपर मिलों से होने वाले प्रदूषण को कम करने और कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग उठाई। इस पर अपर जिलाधिकारी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान कराया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि समस्याओं के निस्तारण की रिपोर्ट जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए और उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए। बैठक के अंत में अधिकारियों को आगामी किसान समाधान दिवस में समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए और सभी किसानों तथा अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।















