पंजाब में सरकार की नई लैंड पूलिंग पॉलिसी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने इस नीति के विरोध में सरकार को तीन कृषि कानूनों जैसे आंदोलन की चेतावनी दी है। चंडीगढ़ में हुई सर्वदलीय बैठक में SKM ने स्पष्ट मांग रखी कि यह पॉलिसी तत्काल रद्द की जाए। SKM नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी बात नहीं मानी, तो वे दिल्ली की तर्ज पर लंबा आंदोलन शुरू करेंगे। इस बैठक में आम आदमी पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और अन्य 10 दलों ने किसानों के विरोध का समर्थन किया। किसानों का आरोप है कि यह नीति उनकी जमीनों को हड़पने की साजिश है और इससे ग्रामीण ढांचे पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा।















