एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले के चश्मदीद को धमकी भरा फोन आया है. इस मामले में शिकायत के आधार पर मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. माना जा रहा है कि यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) गैंग की ओर से आई है. लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है. पुलिस इसकी जांच कर रही है.बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर की रात को हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है. बाबा सिद्दीकी की हत्या के चश्मदीद ने पुलिस को बताया- मुझे कुछ दिन पहले एक अनजान शख्स का फोन आया था. फोन पर उस शख्स ने मुझसे 5 करोड़ रुपये की मांग की. पैसे नहीं देने पर मुझे जान से मारने की धमकी भी दी गई है. पुलिस फिलहाल टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पता लगाने में जुटी है कि फोन करने वाला शख्स आखिर है कौन.बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद सलमान खान और जीशान सिद्दीकी को भी धमकी भरा कॉल आया था. यह कॉल जीशान के ऑफिस में आई थी. मुंबई पुलिस ने इस मामले में नोएडा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था.















