मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में मदिरा बिक्री व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और राजस्व उन्मुख बनाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला आबकारी अधिकारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मदिरा एवं बीयर के थोक और फुटकर अनुज्ञापियों के साथ-साथ आबकारी निरीक्षकों ने भाग लिया। बैठक का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में किया गया, जिसमें वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति तथा आबकारी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी ने सभी अनुज्ञापियों को निर्देशित किया कि मदिरा की शत-प्रतिशत बिक्री पॉश मशीन के माध्यम से सुनिश्चित की जाए, जिससे बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और राजस्व संग्रह में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मदिरा उठान कराकर सरकारी राजस्व बढ़ाने में सहयोग किया जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि सभी फुटकर मदिरा दुकानों पर कम से कम 8 से 10 दिनों का अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध रखा जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े और आपूर्ति व्यवस्था बाधित न हो।
अधिकारियों ने दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बेचने की कोई शिकायत मिलने पर संबंधित अनुज्ञापी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। जिला आबकारी अधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि किसी दुकान के आसपास अवैध शराब की बिक्री की सूचना प्राप्त होती है तो उसकी जानकारी तत्काल संबंधित आबकारी निरीक्षक को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा आबकारी स्टाफ को ग्रामीण क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, जिससे स्थानीय स्तर पर निगरानी मजबूत हो सके।
बैठक में दुकानों पर अधिक से अधिक ब्रांड उपलब्ध कराने, सभी ब्रांडों का उचित प्रदर्शन करने, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक अभिलेखों और रजिस्टरों को अद्यतन रखने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान अनुज्ञापियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया गया। बैठक में आबकारी विभाग के अधिकारी, निरीक्षक तथा मदिरा व्यवसाय से जुड़े सभी संबंधित अनुज्ञापी उपस्थित रहे।















