हैवान पौत्र ने दादी को उतारा मौत के घाट.

बाँदा।पैलानी थाना क्षेत्र अंतर्गत खप्टिहाकलां गांव की नया डेरा बस्ती में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात 60 वर्षीय वृद्धा सुदामा की उनके ही 15 वर्षीय चचेरे पौत्र ने गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
कुछ दिन पहले आरोपी किशोर ने पड़ोस की एक महिला की पायल चोरी कर ली थी। इस घटना को सुदामा ने देख लिया था।उसे डांटते हुए पायल महिला को वापस करवा दी थी। इसी बात से किशोर दादी से नाराज हो गया और बदला लेने की ठान ली। रात में सुदामा घर में अकेली थीं, जबकि उनके पति मातादीन निषाद खेत पर गेहूं की कटाई कराने गए थे। आरोपी किशोर ने मौका पाकर घर में घुसकर उनका गला दबाकर मार दिया और फरार हो गया। सुबह पड़ोस की एक युवती दूध लेने उनके घर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो वह बाउंड्री कूदकर अंदर गई। अंदर का नज़ारा देखकर वह सन्न रह गई। सुदामा चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी थीं, उनके हाथ-पैर लटके हुए थे और मुंह, नाक व कान से खून निकल रहा था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान चारपाई के पास टूटी हुई चूड़ियां और खून के निशान मिले, जो किसी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे थे। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस ने जांच की।मामले में क्षेत्राधिकारी सदर राजवीर सिंह गौर ने बताया कि खप्टिहाकलां गांव में बुजुर्ग महिला की उसके पोते द्वारा गला दबाकर हत्या की गई है। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts