बागपत। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुक्रवार को पूरा हो गया। जिले के दो मूल्यांकन केंद्रों पर दो लाख 27 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया है।मूल्यांकन पूरा होने के बाद अब रिजल्ट का इंतजार है। यूपी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए जिले में श्री यमुना इंटर कालेज बागपत और गांधी विद्यालय इंटर कालेज खेकड़ा को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया था। इन केंद्रों पर 16 मार्च से मूल्यांकन का कार्य चल रहा था। शासन ने 31 मार्च तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे। जिले में 14 दिन में मूल्यांकन का कार्य पूरा कर लिया है। मूल्यांकन के लिए दोनों केंद्रों पर 1449 शिक्षक और कर्मचारी नियुक्त किए गए थे। मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद अब केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाओं केबंडल क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा और मूल्यांकन समय से हो जाने के कारण परिणाम भी जल्द घोषित होने की संभावना जताई जा रही है।















